Gold Silver Price:महंगाई के इस दौर में हर कोई सस्ता सोना खरीदने की चाह रखता है। सोने की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और फिलहाल 90 हजार रुपये प्रति तोला के करीब चल रही हैं। ऐसे में अगर आपको सोना 15 हजार रुपये तक सस्ता मिल जाए, तो यह एक लाभदायक सौदा हो सकता है। दुनिया में कई ऐसे स्थान हैं जहां भारतीय बाजार की तुलना में सस्ता सोना उपलब्ध है।
क्या चल रहा है सोने का भाव?
देश में सोने की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं। ग्लोबल मार्केट में मजबूती के कारण यह बढ़ोतरी हो रही है। 24 कैरेट सोने की कीमत (Gold Price) फिलहाल 89 हजार रुपये के आसपास है। भारत में सोने पर भारी टैक्स और ड्यूटी लगती है, जिससे इसकी कीमतें ज्यादा होती हैं। लेकिन, विदेशों में कई जगहों पर यह काफी सस्ता है। भारत सरकार भी विदेशों से सीमित मात्रा में सोना लाने की पर्मिशन देती है, जिससे लोग वहां से खरीदारी कर सकते हैं।
5 से 15 प्रतिशत तक सस्ता सोना
अगर आप सस्ता सोना खरीदना चाहते हैं तो आपको उन देशों का रुख करना चाहिए जहां सोने की कीमतें भारत के मुकाबले कम हैं। कुछ देशों में सोना 5 से 15 प्रतिशत तक सस्ता मिल सकता है। यह अंतर टैक्स, ड्यूटी और अन्य सरकारी शुल्कों की वजह से होता है।
यूएई: सिटी ऑफ गोल्ड में मिलेगा सबसे सस्ता सोना
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) यानी दुबई को ‘सिटी ऑफ गोल्ड’ कहा जाता है। यह भारतीय खरीदारों के लिए सस्ते सोने का सबसे बेहतरीन ऑप्शन है। यहां टैक्स और ड्यूटी काफी कम है, जिससे सोने की कीमतें 10 से 15 प्रतिशत तक कम होती हैं। खास बात यह है कि दुबई में सोने पर कोई वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) नहीं लगता है। यहां से सोना खरीदने पर एक तोले पर 14 से 15 हजार रुपये तक की बचत हो सकती है।
थाईलैंड
थाईलैंड भी सस्ता सोना खरीदने के लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है। यहां बैंकॉक और पटाया जैसे स्थानों पर भारत की तुलना में 5 से 10 प्रतिशत कम कीमत में सोना मिलता है। यहां मेकिंग चार्ज और टैक्स भी कम है, जिससे सोने की कुल कीमत घट जाती है। थाईलैंड से सोना खरीदने पर प्रति तोला 8 से 9 हजार रुपये तक की बचत संभव है।
सिंगापुर
सिंगापुर भी सस्ते सोने के लिए मशहूर है। यहां सोने की गुणवत्ता उच्च होती है और टैक्स भी कम लगता है। भारत की तुलना में यहां 5 से 8 प्रतिशत तक कम कीमत में सोना मिलता है। यानी, अगर आप यहां से सोना खरीदते हैं तो प्रति तोला 6 से 7 हजार रुपये तक की बचत कर सकते हैं।
मलेशिया
मलेशिया भी भारतीयों के बीच एक लोकप्रिय स्थान है, जहां बड़ी संख्या में लोग घूमने और शॉपिंग के लिए जाते हैं। यहां सोने पर मेकिंग चार्ज और टैक्स कम होने के कारण भारत की तुलना में इसकी कीमतें 5 से 10 प्रतिशत तक कम रहती हैं। मलेशिया से सोना खरीदने पर प्रति तोला 8 से 9 हजार रुपये तक की बचत हो सकती है।
हांगकांग
अगर आप टैक्स फ्री सोना खरीदना चाहते हैं तो हांगकांग सबसे अच्छा ऑप्शन हो सकता है। यहां सोने पर किसी भी प्रकार का टैक्स नहीं लगता है। इस वजह से हांगकांग में सोने की कीमतें काफी कम होती हैं। हांगकांग सोने के व्यापार का प्रमुख केंद्र भी है और यहां भारतीय खरीदारों की बड़ी संख्या देखी जाती है। यहां से सोना खरीदने पर 9 से 10 हजार रुपये प्रति तोला तक की बचत हो सकती है।
सस्ते सोने की खरीदारी के लिए किन बातों का ध्यान रखें?
अगर आप विदेश से सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं तो कुछ बातों को ध्यान में रखना जरूरी है:
- सीमा शुल्क नियमों की जानकारी रखें – भारत में विदेश से लाए जाने वाले सोने पर सीमा शुल्क लागू होता है। एक तय सीमा तक ही सोना लाने की अनुमति होती है।
- सोने की शुद्धता की जांच करें – खरीदारी से पहले यह सुनिश्चित करें कि सोना 24 कैरेट या 22 कैरेट का है।
- भुगतान का सही तरीका चुनें – क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नकद भुगतान का ऑप्शन चुनते समय लेन-देन शुल्क का ध्यान रखें।
- अधिकृत विक्रेताओं से खरीदारी करें – विश्वसनीय सोने के विक्रेताओं से ही खरीदारी करें ताकि आपको असली और प्रमाणित सोना मिले।
- बिल और दस्तावेज संभालकर रखें – भारत में सीमा शुल्क पर छूट का लाभ उठाने के लिए खरीदी का बिल और अन्य दस्तावेज सुरक्षित रखें।